साहिबगंज: जिले के बरहरवा थाना क्षेत्र के हस्तीपाड़ा गांव में महिला से छेड़छाड़ और एक बुजुर्ग पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है. इस संबंध में गांव के ही मो. इसराईल उर्फ मो. इसराईल मोलवी (उम्र 65 वर्ष, पिता स्व. मो. सज्जाद) ने थाना प्रभारी को लिखित आवेदन दिया है.

आवेदन में कहा गया है कि 31 जुलाई 2025 की रात 1:30 बजे गांव की महिला मोहमीना बीबी (पति मोर रफीक आलम) शौच के लिए बाहर गयी थीं. उसी दौरान गांव के वसिफुल शेख (पिता अख्तर हुसैन), मोफिजुल शेख (पिता शीश मो. शेख) और सकील शेख (पिता नवी शेख) ने महिला को बुरी नीयत से जबरन पकड़कर आम बगान में ले जाने और छेड़छाड़ करने का प्रयास किया. महिला के शोर मचाने पर आरोपी उसे छोड़कर गांव में आकर बदनाम करने लगे कि वह चोर है. इसके बाद गांव में माहौल खराब हो गया.
कुछ लोगों ने आरोपियों का साथ देते हुए महिला को पकड़कर खींचा और बिजली के पोल में बांध दिया तथा मारपीट की. इस घटना की जानकारी मुखिया अब्दुल कादिर और मो. इसराईल को मिली तो दोनों ने मौके पर जाकर महिला को छुड़ाया. बाद में मुखिया ने महिला को मो. इसराईल की जिम्मेदारी में सुरक्षित रखा और कहा कि पति के आने पर मामला निपटाया जाएगा.
इसी बीच महिला के पति काम पर से लौट आये और 3 सितंबर 2025 को थाना में आवेदन दिया गया. इसके बाद 7 सितंबर 2025 को दिन में 12:00 बजे पुलिस जांच करने पहुंची लेकिन आरोपी फरार थे.
मो. इसराईल ने बताया कि उसी दिन लगभग 1:00 बजे वह नमाज पढ़कर मस्जिद से निकले तो असिकुल शेख (पिता अख्तर हुसैन), मोफिजुल रोख (पिता शीश मो. शेख), मो. सलीम (पिता स्व. मौहीजुद्दीन) और असफाक आलम (पिता अलताब शेख) ने मिलकर उन्हें पकड़ लिया. उन्हें मस्जिद से सड़क पर खींचकर ले गये और गाली- गलौज करते हुए जान से मारने के इरादे से मुक्का और पत्थर से मारपीट की. तीन लोग पकड़कर रखे और असफाक आलम ने गला दबाकर मारने का प्रयास किया जिससे वह बेहोश हो गये.
गांव के लोगों के शोर मचाने पर आरोपी भाग गये. ग्रामीणों और मो. इसराईल के बेटे मिसबाहुल हक ने पानी का छींटा देकर उन्हें होश में लाया. बुजुर्ग के अनुसार हमले में उनका दाहिना हाथ टूट गया, नाक पर गंभीर चोट आई और कमर में भी चोट लगी है. मो. इसराईल ने थाना प्रभारी से गुहार लगायी है कि सभी आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए.

