राजनगर/ Rasbihari Mandal पुलिस जवान सुनील कुमार टुडु का मंगलवार को उनके पैतृक गांव राजनगर प्रखंड क्षेत्र के पोखरिया में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया. अंतिम यात्रा के दौरान सैकड़ों ग्रामीणों के साथ थाना प्रभारी चंचल कुमार, बोकारो पुलिस मेन्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीत कुमार महतो, उपाध्यक्ष प्रफुल्ल टुडु, संयुक्त सचिव राजेन्द्र राम, केंद्रीय सदस्य राकेश महतो, सचिव सुभाष शुक्ला, कोषाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार, अंकेक्षक संजय महतो, युवा उपाध्यक्ष राज कुमार मुंडा, सरायकेला पुलिस मेन्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रमेश पड़िया, सचिव मनोज उरांव, उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र मुंडा समेत राजनगर थाना पुलिस बल मौजूद रहे और नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की.

मिली जानकारी के अनुसार आरक्षी संख्या 628 सुनील कुमार टुडु बोकारो जिला बल में मुंशी के पद पर कार्यरत थे. कुछ दिनों पूर्व ब्रेन हेमरेज के बाद उन्हें मेडिका हॉस्पिटल, रांची में भर्ती कराया गया था. स्थिति बिगड़ने पर उन्हें वेल्लोर ले जाया गया. ऑपरेशन सफल होने के बावजूद डॉक्टरों ने बचने की संभावना न के बराबर बताई थी. घर लौटने के क्रम में ही रास्ते में उनका निधन हो गया.
परिजनों के अनुसार सुनील कुमार टुडु अपने पीछे पत्नी, 12 वर्षीय बेटी और 3 वर्षीय बेटे को छोड़ गए हैं. उनके असामयिक निधन से पूरा गांव और पुलिस महकमा शोक में डूबा है.
थाना प्रभारी चंचल कुमार ने कहा कि सुनील कुमार टुडु बेहद ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ जवान थे, उनकी कमी को पूरा करना मुश्किल होगा. वहीं बोकारो पुलिस मेन्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीत कुमार महतो ने कहा कि टुडु का जाना पूरे पुलिस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है और इस दुख की घड़ी में हम उनके परिवार के साथ खड़े हैं.

