पलामू: जिले की पिपराटॉड थाना क्षेत्र में पुलिस ने डोडा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. इस कार्रवाई में लगभग 3 क्विंटल 14 किलो अवैध डोडा, ₹32 लाख 90 हजार नकद और चार वाहन जब्त किए गए हैं. पुलिस ने इस मामले में कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें पंजाब के चार तस्कर, स्थानीय तस्कर डब्लू यादव, उसके दो बेटे पिंटू और रिंकू यादव तथा एक अन्य सहयोगी शामिल हैं.


पुलिस को इस गिरोह का सुराग एक महिला की कॉल से मिला. महिला ने पुलिस को सूचना दी कि उसके भाई को अगवा कर लिया गया है और ₹10 लाख की फिरौती मांगी जा रही है. इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने जब जांच शुरू की, तो पता चला कि फिरौती की रकम में से ₹7.5 लाख पहले ही पिंटू यादव के खाते में भेजे जा चुके थे. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित बैंक खाते को फ्रीज कर दिया.
जांच जैसे- जैसे आगे बढ़ी, कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए. अगवा बताए जा रहे लोग भी डोडा तस्करी के इस नेटवर्क का हिस्सा थे. अधिक मुनाफा कमाने की लालच में उनके ही साथियों ने उन्हें बंधक बनाकर फिरौती की रकम वसूलने की साजिश रची थी.
एसपी रेशमा रमेशन की अगुवाई में गठित विशेष टीम ने पूरे नेटवर्क को बेनकाब कर दिया. छापेमारी के दौरान पुलिस ने तस्करी से संबंधित दस्तावेज, मोबाइल और डायरी भी जब्त किए हैं. इनसे गिरोह के विस्तृत नेटवर्क की जानकारी मिलने की उम्मीद है.
सबसे गंभीर पहलू यह है कि प्रारंभिक जांच में कुछ स्थानीय पुलिसकर्मियों की संलिप्तता के संकेत मिले हैं. इसको देखते हुए एसपी ने विभागीय जांच के आदेश भी दे दिए हैं. यह कार्रवाई न केवल एक बड़े तस्करी गिरोह पर लगाम लगाने में अहम साबित हुई है, बल्कि तंत्र के भीतर मौजूद भ्रष्ट गठजोड़ को भी उजागर करती है.

