रांची: झारखंड सरकार ने 1993 बैच के आईएएस अधिकारी अविनाश कुमार को राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है. इस संबंध में कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने मंगलवार को अधिसूचना जारी कर दी है.

जारी अधिसूचना के अनुसार अविनाश कुमार रांची में ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव के पद पर पदस्थापित थे. इसके अलावा वे मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव, विकास आयुक्त, ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक, झारखंड बिजली वितरण निगम के प्रबंध निदेशक और झारखंड भवन, नई दिल्ली के मुख्य स्थानिक आयुक्त के अतिरिक्त प्रभार में भी थे. अब उन्हें स्थानांतरित करते हुए झारखंड का नया मुख्य सचिव बनाया गया है.
अधिसूचना के मुताबिक अविनाश कुमार अगले आदेश तक अपने कार्यों के अलावा मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव और झारखंड भवन, नई दिल्ली के मुख्य स्थानिक आयुक्त के अतिरिक्त प्रभार में भी बने रहेंगे.
प्रशासनिक सेवाओं में तीन दशक का अनुभव रखने वाले अविनाश कुमार को नीति निर्धारण, ऊर्जा प्रबंधन और प्रशासनिक सुधार में दक्ष अधिकारी माना जाता है. अपने कार्यकाल में उन्होंने ग्रामीण विद्युतीकरण और ऊर्जा आपूर्ति की योजनाओं को गति दी है. झारखंड के साथ- साथ केंद्र सरकार में भी वे कई अहम पदों पर कार्य कर चुके हैं. उनकी छवि एक सख्त, ईमानदार और कुशल प्रशासक की रही है.
इसी तरह स्वास्थ्य, चिकित्सा, शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग में पदस्थापित अपर मुख्य सचिव अजय कुमार को उनके कार्यों के अलावा झारखंड के विकास आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है.

