सरायकेला: झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन की प्रथम कार्यकारिणी की बैठक जमशेदपुर के होटल रीवा बैंक्विट में आयोजित की गई. बैठक में जिला मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी, सीनी शाखा के अध्यक्ष पुरन अग्रवाल, सचिव दीपक अग्रवाल, खरसावां शाखा के अध्यक्ष अनूप अग्रवाल सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे. इस अवसर पर प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल और महामंत्री विनोद जैन ने मनोज चौधरी को मोमेंटो देकर सम्मानित किया और उन्हें कोल्हान का प्रमंडलीय मंत्री नियुक्त किया.

बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. जिला एवं प्रांतीय स्तर पर महापंचायत और विधि विशेषज्ञों के पैनल का गठन करने का निर्णय लिया गया. साथ ही समाज के असहाय, विधवा एवं वरिष्ठजनों की सहायता के लिए समाज सेवा कोष बनाने का प्रस्ताव पारित हुआ. सभी जिला अध्यक्षों को संविधान का अध्ययन कर आवश्यक संशोधन हेतु सुझाव देने की जिम्मेदारी दी गई. इसके लिए सर्वसम्मति से कमल केडिया को संयोजक और पवन कुमार शर्मा को सहसंयोजक नियुक्त किया गया.
बैठक के दौरान मनोज चौधरी ने कहा कि समाज सेवा मारवाड़ी समाज की परंपरा रही है. इसलिए हर सदस्य को भामाशाह, जमनालाल बजाज और राम मनोहर लोहिया की तरह राष्ट्र और जन सेवा को प्राथमिकता देनी चाहिए. उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति और उत्थान के लिए यह बैठक अत्यंत महत्वपूर्ण रही.

