लातेहार: पुलिस उप- महानिरीक्षक नौशाद आलम ने लातेहार जिले के तीन कुख्यात और सक्रिय झारखंड जनमुक्ति परिषद (जेजेएमपी) नक्सलियों की गिरफ्तारी पर कुल ₹15 लाख का इनाम घोषित किया है. आदेश के अनुसार, प्रत्येक नक्सली पर 5- 5 लाख का इनाम रखा गया है. इनाम घोषित नक्सलियों में बालदेव गंझू उर्फ अमरेश गंझू, रामदेव लोहरा उर्फ साधु और मुकेश राम उर्फ कल्लू शामिल हैं. बालदेव गंझू संगठन का शीर्ष कमांडर है, जबकि रामदेव लोहरा क्षेत्रीय कमांडर और मुकेश राम संगठन के सप्लाई नेटवर्क का जिम्मेदार है. तीनों पर हत्या, रंगदारी, हथियार लूट, मुठभेड़ और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं.

डीआईजी ने एसपी लातेहार को नक्सलियों के वर्गीकरण की पुष्टि करने और राज्य सरकार के दिशा- निर्देशों के अनुसार गिरफ्तारी, मारे जाने अथवा आत्मसमर्पण की सूचना तुरंत संबंधित विभागों को देने के निर्देश दिए हैं. पुलिस का मानना है कि इनकी गिरफ्तारी से जेजेएमपी की सक्रियता पर बड़ा असर पड़ेगा और नक्सली घटनाओं पर नियंत्रण में मदद मिलेगी.

