रांची: झारखण्ड सरकार के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने बुधवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा के कई अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापन से संबंधित अधिसूचना जारी की है.

अधिसूचना के अनुसार, सचिव वाणिज्य कर विभाग के पद पर पदस्थापित अमिताभ कौशल, भा.प्र.से. (2001) को स्थानांतरित करते हुए प्रधान सचिव, उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग, झारखण्ड, रांची के पद पर नियुक्त किया गया है. वे अब तक अतिरिक्त प्रभार में इस विभाग का कार्य देख रहे थे.
वाणिज्य कर आयुक्त अमित कुमार, भा.प्र.से. (2010) को स्थानांतरित कर सचिव, वाणिज्य कर विभाग, झारखण्ड बनाया गया है. उन्हें अगले आदेश तक वाणिज्य कर आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है. योजना एवं विकास विभाग के विशेष सचिव राजीव रंजन, भा.प्र.से. (2010) को अपर सदस्य, राजस्व पर्षद, झारखण्ड के पद पर पदस्थापित किया गया है. झारखण्ड मेडिकल एंड हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट एंड प्रोक्योरमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अबु इमरान, भा.प्र.से. (2010) को सचिव (व्यय), वित्त विभाग, झारखण्ड के पद पर नियुक्त किया गया है.
प्रतीक्षारत पदाधिकारी छवि रंजन, भा.प्र.से. (2011) को अभियान निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखण्ड, रांची बनाया गया है. अनुमण्डल पदाधिकारी रांची सदर उत्कर्ष कुमार, भा.प्र.से. (2021) को उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जिला परिषद, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा के पद पर भेजा गया है.
अनुमण्डल पदाधिकारी छत्तरपुर (पलामू) आशीष गंगवार, भा.प्र.से. (2021) को नगर आयुक्त, धनबाद नगर निगम नियुक्त किया गया है.
अनुमण्डल पदाधिकारी हुसैनाबाद (पलामू) ओम प्रकाश गुप्ता, भा.प्र.से. (2021) को नगर आयुक्त, हजारीबाग नगर निगम का दायित्व सौंपा गया है.
अनुमण्डल पदाधिकारी सिमरिया (चतरा) सन्नी राज, भा.प्र.से. (2021) को उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जिला परिषद, धनबाद बनाया गया है.
अनुमण्डल पदाधिकारी कोडरमा श्रीमती रिया सिंह, भा.प्र.से. (2021) को उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जिला परिषद, हजारीबाग के पद पर नियुक्त किया गया है.
प्रतीक्षारत अधिकारी अभिनव प्रकाश, भा.प्र.से. (2023) को अनुमण्डल पदाधिकारी, सरायकेला- खरसावां बनाया गया है तथा उन्हें भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 14 के तहत कार्यपालक दण्डाधिकारी की शक्तियां प्रदान की गई हैं.
इसी प्रकार अर्नव मिश्रा को अनुमण्डल पदाधिकारी, धालभूम (जमशेदपुर), आदित्य पाण्डेय को अनुमण्डल पदाधिकारी, हजारीबाग सदर, कुमार रजत को अनुमण्डल पदाधिकारी, राँची सदर तथा लोकेश बारंगे को अनुमण्डल पदाधिकारी, धनबाद के पद पर नियुक्त किया गया है. सभी को संबंधित अनुमण्डलों के लिए कार्यपालक दण्डाधिकारी की शक्तियां दी गई हैं.
अधिसूचना के क्रम में प्रभार रहित पदाधिकारियों को कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग, झारखण्ड, राँची में योगदान देने का निर्देश दिया गया है.

