गढ़वा: जिले में इन दिनों सर्पदंश की घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हो रही है जिससे ग्रामीण इलाकों में भय का माहौल है. धुरकी थाना क्षेत्र में सर्पदंश से दो बच्चों की मौत हो जाने से सनसनी फैल गई है.

धुरकी प्रखंड के गनीयारी कला उर्फ पाटपानी कोरहटी टोला निवासी नरेश भुईयां के 8 वर्षीय पुत्र कृष्ण कुमार की मौत सर्पदंश से हो गई. वहीं, ग्राम टाटीदीरी निवासी 12 वर्षीय बिनु कुमारी पिता अखिलेश भुईया की भी घर के जमीन पर सोने के दौरान सांप के काटने से मौत हो गई. जिले में दो माह में सर्पदंश के अब तक 80 मामले सामने आ चुके हैं. अकेले सदर अस्पताल में बीते दो माह में 76 मरीजों का इलाज किया गया है. इनमें अधिकांश मरीज इलाज के बाद स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं, फिलहाल अस्पताल में 4 मरीज भर्ती हैं.
बारिश और जलजमाव से बढ़ा खतरा
बारिश और जलजमाव के चलते सर्पदंश की घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है. जिले के मेराल, रमना, डंडा, भवनाथपुर, केतार, धुरकी, बंशीधर नगर, मझिआंव, भंडरिया, बरगड़ जैसे गांवों से सैकड़ों केस सदर अस्पताल पहुंचे हैं. इस साल अब तक दो मरीजों की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में ही हो गई.
स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
सिविल सर्जन ने सभी चिकित्सा प्रभारियों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है. कहा गया है कि जलजमाव वाले इलाकों में लोगों को सतर्क किया जाए और सर्पदंश के मामले में तुरंत प्राथमिक उपचार कर मरीज को सदर अस्पताल भेजा जाए. प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सीएचसी में अनिवार्य रूप से होनी चाहिए. गंभीर मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

