जमशेदपुर: झारखंड नेशनल फिल्म फेस्टिवल (JNFF 2025) का तीसरा दिन फिल्म प्रेमियों के लिए ज्ञान, रचनात्मकता और मनोरंजन का बेजोड़ संगम लेकर आया. करीम सिटी कॉलेज और माइकल जॉन ऑडिटोरियम, बिष्टुपुर में पूरे दिन विविध फिल्मों की स्क्रीनिंग और विशेष सत्रों ने दर्शकों को नई cinematic अनुभव दिए.

करीम सिटी कॉलेज में सिल्क कॉफिन, द योगी, गिफ्ट, द फर्स्ट फिल्म और एंड ऑफ 14 डेज जैसी संवेदनशील और प्रभावशाली फिल्मों का प्रदर्शन किया गया. इन फिल्मों ने अपनी अनोखी कहानी, अभिनय और निर्माण शैली से दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी. वहीं दूसरी ओर माइकल जॉन ऑडिटोरियम में पैगाम, दर्द अपनों का, सैंग, ठंडी चाय और जाना रे जैसी फिल्मों की विशेष स्क्रीनिंग ने दर्शकों को बांधे रखा.
तीसरे दिन का मुख्य आकर्षण रहा करीम सिटी कॉलेज में आयोजित फिल्म मार्केटिंग वर्कशॉप. इस वर्कशॉप में विशेषज्ञ नेहा तिवारी ने युवा फिल्मकारों और छात्रों को फिल्म मार्केटिंग की सूक्ष्म प्रक्रियाओं को विस्तार से समझाया. उन्होंने प्रतिभागियों के सवालों का उत्तर देते हुए उन्हें करियर और इंडस्ट्री से जुड़े उपयोगी मार्गदर्शन भी दिया.
JNFF के फाउंडर संजय सतपथी ने कहा कि JNFF का उद्देश्य फिल्मों के प्रदर्शन के साथ-साथ युवाओं को सीखने और आगे बढ़ने का अवसर देना भी है. वर्कशॉप इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है. प्रतिभागियों और दर्शकों ने इस प्रयास की सराहना की और कार्यक्रम को प्रेरणादायक बताया.
कार्यक्रम को सफल बनाने में क्रिएटिव टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही. क्रिएटिव डायरेक्टर शालिनी प्रसाद, शिवांगी सिंह, राज डोगर, जॉयशी गोराई, कशिश जैन, सृष्टि रे, कोमल कुमारी, सृष्टि सुमन और श्रुति सोय द्वारा लगातार समन्वय और सहयोग प्रदान किया जा रहा है. JNFF 2025 का यह तीसरा दिन फिल्म प्रेमियों के लिए सीख और मनोरंजन से भरपूर साबित हुआ.

