पलामू: प्रतिबंधित नक्सली संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) के साथ हुई मुठभेड़ में पुलिस के दो जवान शहीद हो गए हैं जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल है. घायल जवान का इलाज मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में चल रहा है. शहीद जवानों में पलामू एएसपी अभियान का एक बॉडीगार्ड भी शामिल है.

जानकारी के अनुसार पुलिस ने टीएसपीसी के 10 लाख इनामी कमांडर शशिकांत गंझू के खिलाफ सर्च अभियान शुरू किया था. इसी दौरान पुलिस मनातू थाना क्षेत्र के केदल गांव पहुंची. यह गांव शशिकांत गंझू का गढ़ माना जाता है और उसका घर भी यहीं है. सर्च ऑपरेशन के बीच पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई. इस दौरान तीन पुलिसकर्मी गोली लगने से घायल हो गए. अस्पताल ले जाने पर दो जवानों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि एक का इलाज जारी है.

बताया जाता है कि शशिकांत गंझू इसी इलाके से पलामू और चतरा जिलों में अपनी नक्सली गतिविधियों का संचालन करता है. पलामू रेंज के डीआईजी नौशाद आलम ने पुष्टि करते हुए बताया कि सर्च अभियान के दौरान नक्सलियों के साथ मुठभेड़ हुई है. इसमें दो जवान शहीद हुए हैं और एक घायल है. नक्सलियों की धरपकड़ के लिए इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. शहीद हुए जवानों में सुनील राम और संतन मेहता शामिल हैं जबकि रोहित कुमार घायल हुए हैं.

