नई दिल्ली: झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन दिल्ली के अपोलो अस्पताल में जीवन के लिए संघर्ष कर रहे हैं. उन्हें हाल ही में ब्रेन स्ट्रोक हुआ, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. वर्तमान में वे लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर हैं.

रविवार को झारखंड सरकार के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी अपोलो अस्पताल पहुंचे और श्री सोरेन से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना. डॉ. अंसारी ने न केवल डॉक्टरों से विस्तृत जानकारी ली, बल्कि परिवार के सदस्यों से भी मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया.
उन्होंने श्री सोरेन के पुत्र से भी विशेष मुलाकात कर उनके मनोबल को मज़बूती दी. इस दौरान विधायक कुणाल सारंगी भी मौजूद रहे. सूत्रों के अनुसार, रामदास सोरेन बाथरूम में अचानक गिर गए थे, जिससे सिर में गंभीर चोट लगी. ब्रेन में ब्लड क्लॉट बन गया. फिलहाल हालत गंभीर लेकिन स्थिर है.
डॉ. अंसारी ने कहा कि रामदास सोरेन केवल हमारे सहयोगी नहीं, बल्कि झारखंड के समर्पित जनसेवक हैं. हम ईश्वर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं. पूरा झारखंड उनके साथ है. हम सभी कामना करते हैं कि रामदास सोरेन जल्द स्वस्थ होकर फिर से जनसेवा में लौटें.

