धनबाद: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार को झरिया और धनबाद में एक साथ बड़ी कार्रवाई करते हुए उभरते व्यवसायी अमित अग्रवाल उर्फ चीनू अग्रवाल के कई ठिकानों पर छापेमारी की. यह कार्रवाई जीएसटी चोरी और हवाला लेन- देन से जुड़े एक मामले में की गई है.

रांची से आई ईडी की टीम ने झरिया स्थित जगदंबा फर्नीचर शोरूम और धनबाद के एफआईआर बिल्डिंग स्थित चीनू अग्रवाल के घर पर सुबह से दबिश दी. भारी सुरक्षा के बीच टीम ने दस्तावेजों की गहन जांच शुरू की. छापेमारी के दौरान बैंक डिटेल्स, डिजिटल डाटा, लैपटॉप, कंप्यूटर समेत अन्य कारोबारी दस्तावेज जब्त किए गए.
सूत्रों के अनुसार, ईडी को शक है कि अमित अग्रवाल ने करोड़ों की टैक्स चोरी की है और हवाला नेटवर्क के जरिए काले धन की सफाई की जा रही थी. हालांकि अभी तक ईडी ने कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है.
मालूम हो कि स्थानीय कारोबारी जगत में चीनू अग्रवाल फर्नीचर और निर्माण सामग्री के क्षेत्र में तेजी से उभरे हैं. लेकिन उन पर पहले भी संदिग्ध लेनदेन और फर्जी बिलिंग जैसे आरोप लगे थे. फिलहाल ईडी की टीम द्वारा जब्त दस्तावेजों और डेटा का विश्लेषण किया जा रहा है. जांच के आधार पर उनसे पूछताछ की जा सकती है और जरूरत पड़ने पर गिरफ्तारी की भी संभावना है. छापेमारी की यह कार्रवाई घंटों चली और शहर में चर्चा का विषय बनी रही.

