चाईबासा/ Jayant Pramanik झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है. जहां

जराईकेला और छोटानागरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सारंडा के बीहड़ों में गुरुवार सुबह से सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ जारी है.
सूत्रों के अनुसार, इस मुठभेड़ में एक करोड़ रुपये का इनामी हार्डकोर नक्सली पति राम माझी उर्फ अनल दा मारा गया है.

बताया जा रहा है कि पति राम माझी लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर था और कई बड़ी नक्सली घटनाओं में वांछित था. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई में 8 से 10 नक्सलियों के मारे जाने की सूचना है. हालांकि अब तक मारे गए नक्सलियों की संख्या और पहचान को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है और अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है.
जंगल क्षेत्र में रुक-रुक कर गोलीबारी की भी खबर है.
सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं और विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है. फिलहाल इस मुठभेड़ को नक्सल विरोधी अभियान की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी.

