रांची: झारखंड के लिए गर्व की बात है कि राज्य के तीन तीरंदाजी कोचों का चयन स्विट्ज़रलैंड के लॉज़ेन स्थित वर्ल्ड आर्चरी एक्सीलेंस सेंटर में आयोजित होने वाले वर्ल्ड आर्चरी लेवल-1 कोचेस सेमिनार के लिए किया गया है. यह अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 14 से 21 मार्च 2026 तक आयोजित होगा.

चयनित कोचों में अमरजीत दुबे (AIPSCB, झारखंड), कमलेश महतो (SAJHA, झारखंड) और मुकेश तुरी (जिंदल स्टील, झारखंड) शामिल हैं. तीनों कोचों का चयन देशभर से प्राप्त आवेदनों के बीच कई चरणों की परीक्षा और मूल्यांकन प्रक्रिया के बाद किया गया है.
बताया गया है कि इस प्रतिष्ठित प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए देश के विभिन्न राज्यों और विभागों से कुल 26 कोचों का चयन किया गया है. यह चयन आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा किया गया है, जबकि कार्यक्रम को भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) का प्रायोजन प्राप्त है.
तीनों कोचों के चयन पर झारखंड आर्चरी एसोसिएशन के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नेहा महतो, सचिव पूर्णिमा महतो तथा वरिष्ठ कोच हरेंद्र सिंह, बी.एस. राव, प्रकाश राम और शिशिर महतो ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं.
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि कोचों की कड़ी मेहनत और तीरंदाजी के प्रति उनके समर्पण का परिणाम है. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिलने वाला यह प्रशिक्षण झारखंड की तीरंदाजी को नई दिशा देगा और राज्य के खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा.

