चतरा: रांची से दिल्ली जा रहा रेड बर्ड एविएशन का एयर मेडिकल एम्बुलेंस सोमवार शाम झारखंड के चतरा जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. यह हादसा सिमरिया थाना क्षेत्र के करमाटांड़ गांव के पास जंगल में हुआ.

जानकारी के अनुसार एयर एम्बुलेंस ने बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी. शाम 7.34 बजे विमान का संपर्क एअर ट्रैफिक कंट्रोल से अचानक टूट गया. इसके बाद हाई अलर्ट जारी कर सर्च और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया.
बाद में पुष्टि हुई कि विमान क्रैश हो चुका है और इस दर्दनाक हादसे में कुल सात लोगों की मौत हो गई. चतरा एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने सात मौतों की पुष्टि की है. मृतकों में एम्बुलेंस के पायलट कैप्टन विवेक विकास भगत, सह-पायलट सबराजदीप सिंह, मरीज संजय कुमार, परिजन अर्चना देवी एवं धुरु कुमार, डॉक्टर विकास कुमार गुप्ता तथा नर्स सचिन कुमार मिश्रा शामिल हैं.
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे. नागरिक उड्डयन विभाग एवं संबंधित एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुट गई हैं. रडार डेटा और फ्लाइट रिकॉर्ड की जांच की जा रही है ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके. इस हादसे ने पूरे राज्य को स्तब्ध कर दिया है. मृतकों के परिजनों में शोक की लहर है और प्रशासन द्वारा आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.

