आदित्यपुर: जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो के हस्तक्षेप से गुरुवार को डीआरएम चक्रधरपुर के कार्यालय में जनकल्याण मोर्चा और डीआरएम के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में आदित्यपुर रेलवे स्टेशन के विकास और यात्रियों की सुविधा को बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई.

बैठक में कोरोना काल के दौरान बंद हुई यात्री एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव आदित्यपुर रेलवे स्टेशन पर पुनः शुरू करने, आदित्यपुर रेलवे अस्पताल में स्थायी डॉक्टर की नियुक्ति करने, आदित्यपुर रेलवे स्टेशन के भव्य विस्तारीकरण और यात्रियों के यातायात को सुगम बनाने के लिए आदित्यपुर पटेल चौक से रेलवे टनल एवं पथ संख्या चार होते हुए NIT कॉलेज गेट तक सड़क को दो लेन करने, आदित्यपुर रेलवे टनल में भारी जल जमाव को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने, आदित्यपुर खरकाई पुल से राम मड़ैया बस्ती होते हुए नदी किनारे तक एवं रोड नंबर 32 छठ घाट तक नगर निगम का सड़क बना हुआ है, लेकिन नदी के किनारे रेलवे पुल के नीचे लगभग 800 फीट सड़क बनाने के लिए नगर निगम को एनओसी देने, सभी लोकल ट्रेनों को समय पर चलाने, आदित्यपुर रेलवे स्टेशन पर एक्सेलेटर लगाने की मांग डीआरएम से की गई.
डीआरएम की सकारात्मक प्रतिक्रिया
डीआरएम तरुण हुरिया ने सभी मुद्दों पर अपने स्तर से सकारात्मक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया. उन्होंने आदित्यपुर रेलवे स्टेशन के सौंदर्यीकरण और सुविधा को बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं. इसपर जनकल्याण मोर्चा ने डीआरएम को आदित्यपुर रेलवे स्टेशन का सौंदर्यीकरण करने और आदित्यपुर रेलवे टनल से लेकर स्टेशन तक की सड़क का निर्माण करने के लिए बधाई दी. मोर्चा ने सांसद विद्युत वरण महतो का भी अभिनंदन और आभार व्यक्त किया, जिन्होंने आदित्यपुर के लोगों की समस्या को गंभीरता से लिया है.
आगामी धरना स्थगित
डीआरएम की सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद, जनकल्याण मोर्चा ने आगामी 12 जुलाई को होने वाले एकदिवसीय सांकेतिक धरना को तत्काल स्थगित कर दिया है. मोर्चा के अध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि डीआरएम से वार्ता सफल रही उन्होंने कई सकारात्मक सुझाव भी दिए उम्मीद है कि आदित्यपुर रेलवे स्टेशन पर सभी एक्सप्रेस ट्रेनों का स्टॉपेज जल्द ही शुरू होगा. मौके पर मोर्चा की उपाध्यक्ष लिली दास, देवांग चंद्र मुखी, कार्यकारिणी सदस्य मदन सिंह, सुशांत जी आदि मौजूद रहे.

