
जामताड़ा: विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर जामताड़ा जिले के लिए गर्व का क्षण सामने आया. सदर अस्पताल जामताड़ा के चिकित्सक डॉ. दुर्गेश झा को परिवार नियोजन कार्यक्रम में उत्कृष्ट योगदान के लिए राज्य स्तरीय समारोह में सर्वश्रेष्ठ फैमिली प्लानिंग सर्जन के सम्मान से नवाजा गया. रांची स्थित बीएनआर चाणक्य होटल में आयोजित समारोह में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया.


डॉ. दुर्गेश झा को यह सम्मान लगातार छठी बार प्राप्त हुआ है. परिवार नियोजन कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने उन्हें राज्य स्तर पर सम्मानित किया.
जानकारी के अनुसार. डॉ. झा ने अब तक 1,200 से अधिक महिला बंध्याकरण (फीमेल स्टरलाइजेशन) तथा 100 से अधिक पुरुष नसबंदी (मेल स्टरलाइजेशन) सफलतापूर्वक संपन्न कर राज्य में उत्कृष्ट उपलब्धि दर्ज की है. परिवार नियोजन कार्यक्रम को जन-जन तक पहुंचाने और सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में उनकी भूमिका को स्वास्थ्य विभाग ने सराहा.
कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न जिलों के जिला अस्पतालों. अनुमंडलीय अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी. प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक. परिवार नियोजन कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों. स्वास्थ्यकर्मियों और सहियाओं को भी सम्मानित किया गया.
मूल रूप से जामताड़ा जिले के मिहिजाम निवासी डॉ. दुर्गेश झा वर्तमान में सदर अस्पताल, जामताड़ा में कार्यरत हैं. महिला एवं पुरुष नसबंदी ऑपरेशन के सफल संचालन और परिवार नियोजन कार्यक्रम को प्रभावी बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है.
डॉ. दुर्गेश झा की इस उपलब्धि पर जामताड़ा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, चिकित्सकों और जिले के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की है. इसे जामताड़ा के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है और लगातार छठी बार मिला यह सम्मान उनके समर्पण, दक्षता और उत्कृष्ट चिकित्सा सेवा का प्रमाण माना जा रहा है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





