जामताड़ा/ Manish Baranwal नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 को लेकर जामताड़ा नगर पंचायत और मिहिजाम नगर परिषद में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं. मंगलवार को नाम निर्देशन प्रपत्र की बिक्री और नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई.

अध्यक्ष पद के लिए जामताड़ा नगर पंचायत में आज कोई प्रपत्र बिक्री नहीं हुई, जबकि अब तक कुल 7 नाम निर्देशन प्रपत्र बिक चुके हैं. वहीं मिहिजाम नगर परिषद में आज 3 प्रपत्रों की बिक्री हुई. नईमा खातून, पुष्पा एलिजाबेथ खाखा और नीना शर्मा ने अध्यक्ष पद के लिए प्रपत्र खरीदे. यहां अब तक कुल 17 नाम निर्देशन प्रपत्रों की बिक्री हो चुकी है.
वार्ड पार्षद पद के लिए जामताड़ा नगर पंचायत में आज 4 प्रपत्र बिके और कुल बिक्री 56 तक पहुंच गई है. मिहिजाम नगर परिषद में आज 7 प्रपत्रों की बिक्री हुई और कुल बिक्री 83 हो चुकी है.
नामांकन दाखिल करने वालों की बात करें तो जामताड़ा नगर पंचायत से अध्यक्ष पद के लिए चमेली देवी, आशा गुप्ता और रीना कुमारी ने नामांकन किया है. मिहिजाम नगर परिषद से अध्यक्ष पद के लिए सोना कुमारी, कविता देवी, आरती सिन्हा, संगीता देवी, बेबी देवी, रानी कुमारी, पुतुल कुमारी और मधुबाला देवी ने पर्चा दाखिल किया है. इस प्रकार दोनों निकायों को मिलाकर अध्यक्ष पद के लिए कुल 11 प्रत्याशी मैदान में उतर चुके हैं.
वार्ड पार्षद पद के लिए जामताड़ा नगर पंचायत से 25 और मिहिजाम नगर परिषद से 30 अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन प्रपत्र दाखिल किया है. दोनों निकायों को मिलाकर वार्ड पार्षद पद के लिए कुल 55 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं.
लगातार बढ़ते नामांकन और प्रपत्रों की बिक्री से साफ है कि दोनों नगर निकायों में चुनाव को लेकर जबरदस्त उत्साह है. राजनीतिक गतिविधियां तेज हो चुकी हैं और आने वाले दिनों में नामांकन की संख्या और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है.

