जामताड़ा/ Manish Baranwal जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) ने जानकारी दी है कि जामताड़ा नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए 06 अभ्यर्थी और मिहिजाम नगर परिषद में 16 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं. वार्ड पार्षद पद के लिए जामताड़ा नगर पंचायत के 16 वार्डों में 47 तथा मिहिजाम नगर परिषद के 20 वार्डों में 65 अभ्यर्थी किस्मत आजमा रहे हैं. मिहिजाम नगर परिषद (वर्ग ख) के 20 वार्डों के लिए 39 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. यहां कुल 37056 मतदाता मतदान करेंगे, जिनमें 18611 पुरुष, 18442 महिला और 03 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं. वहीं जामताड़ा नगर पंचायत के 16 वार्डों के लिए 28 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 26467 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. इनमें 13165 पुरुष और 13302 महिला मतदाता शामिल हैं.

मतदान केंद्रों पर प्रकाश, पेयजल, शौचालय और दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. मतदाता फोटो पहचान पत्र सहित निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य 12 वैकल्पिक दस्तावेजों के आधार पर मतदान कर सकेंगे.
निर्वाचन मतपत्र और मतपेटिका के माध्यम से कराया जाएगा. अध्यक्ष पद के लिए गुलाबी और वार्ड पार्षद पद के लिए सफेद मतपत्र का उपयोग होगा. इस चुनाव में नोटा का विकल्प उपलब्ध नहीं रहेगा. जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसका संपर्क नंबर 9470591069 है. मतदाता हेल्पलाइन 1950 पर भी संपर्क कर सकते हैं. मतदान के दिन राज्य सरकार द्वारा सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है.
दोनों नगर निकायों में भयमुक्त और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल, क्विक रेस्पांस टीम और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की जाएगी.

