जामताड़ा: जिले के नाला विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कुंडहित प्रखंड की भेलुआ पंचायत के चरकमारा गांव में सोमवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान 40 वर्षीय मणिलाल सोरेन के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.



जानकारी के अनुसार. मणिलाल सोरेन धान की रोपाई की तैयारी के लिए अपने खेत की जुताई कर रहे थे. इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिर गई. वज्रपात की चपेट में आने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही कुंडहित थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
मृतक अपने पीछे पत्नी और चार छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं. परिवार की आजीविका पूरी तरह खेती पर निर्भर थी. ऐसे में परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य की असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
ग्रामीणों ने बताया कि मणिलाल सोरेन मेहनती और मिलनसार किसान थे. उनकी अचानक मौत से परिवार गंभीर आर्थिक संकट में आ गया है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा राहत के तहत मुआवजा. सरकारी सहायता एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराने की मांग की है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





