जामताड़ा: शहर के गांधी मैदान स्थित शिव मंदिर में रविवार सुबह मां पार्वती की प्रतिमा खंडित पाए जाने का मामला सामने आया. घटना की जानकारी मिलते ही श्रद्धालुओं में आक्रोश और चिंता का माहौल बन गया.

जानकारी के अनुसार, सुबह पूजा- अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने देखा कि मां पार्वती की प्रतिमा क्षतिग्रस्त अवस्था में है. प्रतिमा टूटी हुई मिलने की खबर तेजी से पूरे शहर में फैल गई, जिसके बाद मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ जुटने लगी.
घटना की सूचना तत्काल जामताड़ा पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि प्रतिमा को किसने और किन परिस्थितियों में क्षतिग्रस्त किया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है. मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों से जानकारी जुटाई जा रही है. साथ ही संभावित संदिग्धों की पहचान कर जल्द कार्रवाई करने की बात कही गई है.
घटना को लेकर श्रद्धालुओं में नाराजगी देखी जा रही है. वहीं पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है. प्रशासन ने कहा है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और कानून- व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें.
Report: Manish Baranwal



