जामताड़ा: नारायणपुर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय आमजोरा में गुरुवार को बड़ा मामला सामने आया, जहां विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक उदय किशोर सिंह पर एक छात्रा से छेड़खानी और अश्लील चैटिंग करने का गंभीर आरोप लगा. आरोप सामने आते ही ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने शिक्षक को पकड़कर कथित तौर पर जमकर पिटाई कर दी. इसके बाद ग्रामीणों ने शिक्षक को करीब पांच घंटे तक विद्यालय में ही बंधक बनाकर रखा और बाद में पुलिस को सौंप दिया.

ग्रामीणों के अनुसार शिक्षक पर पहले भी छात्राओं के साथ अनुचित व्यवहार और रात के समय व्हाट्सएप पर अश्लील संदेश भेजने के आरोप लग चुके हैं. बताया जा रहा है कि दो बार चेतावनी देने के बावजूद भी उनकी हरकतों में सुधार नहीं हुआ. इस बार एक छात्रा ने रोते हुए अपने घरवालों को पूरी बात बताई, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मिलकर स्कूल पहुंचकर शिक्षक को पकड़ लिया.
परिजनों के अनुसार छात्रा डर और मानसिक तनाव के कारण लगभग 20 से 25 दिनों से विद्यालय नहीं जा रही थी और चुपचाप रहती थी. पूरी घटना की जानकारी के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया.
सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ के बीच से शिक्षक को सुरक्षित निकालकर थाना ले गई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पीड़ित छात्रा तथा परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. खबर लिखे जाने तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई थी.
स्थानीय मुखिया पान मरांडी ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और जांच निष्पक्ष होनी चाहिए. दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए.
देर शाम थाना प्रभारी ने बताया कि संबंधित थाने में कांड संख्या 116/25 विभिन्न धाराओं एवं पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है.

