जामताड़ा/ Manish Baranwal समाहरणालय सभागार में उपायुक्त जामताड़ा रवि आनंद की अध्यक्षता में शुक्रवार क़ो मुख्यमंत्री स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार 2025 हेतु जिला स्तरीय पुरस्कार समिति की बैठक हुई. बैठक में बताया गया कि यह कार्यक्रम विद्यालयों में पेयजल और स्वच्छता से संबंधित उत्कृष्ट कार्यों को पहचान देने और स्वच्छता मापदंड में बेहतरीन प्रदर्शन करने की पहल है.

मुख्यमंत्री स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार के तहत यू-डाइस प्राप्त सभी विद्यालयों ने MSVP वेबसाइट/मोबाइल ऐप के माध्यम से 07 श्रेणियों में मूल्यांकन कराया, जिनमें जल, शौचालय, साबुन से हाथ धोना, विद्यालय का रखरखाव और संचालन, व्यवहार परिवर्तन, जलवायु परिवर्तन और माहवारी स्वच्छता शामिल हैं, कुल 120 अंकों के आधार पर. जिले के 1123 विद्यालयों में से 1003 विद्यालयों द्वारा मूल्यांकन किया गया. प्रखंड स्तरीय मूल्यांकन समिति ने कुल 40 विद्यालयों की सूची तैयार की, जिसमें 36 ग्रामीण और 04 शहरी क्षेत्र के विद्यालय शामिल हैं.
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने जिले के किसी भी प्राथमिक विद्यालय को 5 स्टार कैटेगरी में न आने और कुंडहित प्रखंड के विद्यालय के 4 स्टार न रहने पर एपीओ और एडीपीओ को कड़ी फटकार लगाई. उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी को एडीपीओ के विरुद्ध विभाग को पत्राचार करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने जिले के सभी आवासीय विद्यालयों (झारखंड आवासीय विद्यालय करमाटांड छोड़कर) के खराब प्रदर्शन और नारायणपुर कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का नाम लिस्ट में न होने पर सभी वार्डनों से स्पष्टीकरण मांगने और 5 स्टार रेटिंग मिलने तक वेतन रोकने का निर्देश दिया.
समिति द्वारा सर्वसम्मति से 40 विद्यालयों में से 10 विद्यालयों का चयन किया गया. शहरी क्षेत्र में प्राथमिक विद्यालय अमोई और उत्क्रमित मध्य विद्यालय हल्दुकनाली को राज्य स्तर के लिए नामित किया गया. सेकेंडरी केटेगरी में जेबीसी डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस को नामित नहीं किया गया.
ग्रामीण क्षेत्र में प्राथमिक विद्यालय खूंटाबांध (करमाटांड़), प्राथमिक विद्यालय शिवपुर (नारायणपुर), उत्क्रमित मध्य विद्यालय पिंडारी, राजकीयकृत मध्य विद्यालय मझलाडीह १ फतेहपुर, राजकीयकृत मध्य विद्यालय फतेहपुर, झारखंड आवासीय बालिका विद्यालय करमातांड, पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय शहरदाल और उत्क्रमित उच्च विद्यालय चापुड़िया को राज्य स्तर के लिए नामित किया गया.
मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम, एडीपीओ, एपीओ और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
