जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है. यहां 9वीं कक्षा के एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है.

मिली जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या- 2 स्थित बादोलीगढ़ में रहने वाले 14 वर्षीय आयुष शर्मा ने शनिवार रात अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी. आयुष चित्तरंजन स्थित संत जोशेफ कॉन्वेंट स्कूल का कक्षा 9 का छात्र था. बताया जा रहा है कि शनिवार शाम करीब 8 बजे आयुष ने एल्युमिनियम की सीढ़ी के सहारे कमरे की छत में लगे हुक से रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. उस समय घर में वह अकेला था.
आयुष अपनी मां और नानी के साथ रहता था, जो घटना के समय बाजार गई हुई थीं. जब दोनों बाजार से वापस लौटीं तो उन्होंने आयुष को कमरे में फंदे से लटका देखा. यह दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए. शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत मिहिजाम पुलिस को सूचना दी गई.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. बताया जा रहा है कि आयुष की वार्षिक परीक्षा चल रही थी और शनिवार को उसने गणित की परीक्षा दी थी. फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है. घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर है.

