जामताड़ा/ Manish Baranwal सावित्री देवी डीएवी पब्लिक स्कूल, जामताड़ा के लिए गर्व का विषय है कि विद्यालय के तीन प्रतिभाशाली छात्रों का चयन भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा संचालित INSPIRE Award- MANAK योजना के लिए शैक्षणिक सत्र 2025- 26 हेतु किया गया है.

इस योजना के लिए चयनित छात्रों में श्रीजा शांभवी, अनिमेष कुमार और बिस्वजीत कुमार शामिल हैं. इन छात्रों ने अपनी नवोन्मेषी सोच और वैज्ञानिक रुचि के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है. इंस्पायर्ड अवार्ड योजना का उद्देश्य देशभर के स्कूली छात्रों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाना, नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करना और वैज्ञानिक सोच का विकास करना है. इस योजना के तहत चयनित छात्रों को अपने नवोन्मेषी विज्ञान मॉडल और प्रोजेक्ट विकसित करने के लिए प्रोत्साहन और आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है.
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. विजय कुमार ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय के छात्रों का इंस्पायर अवार्ड योजना के लिए चयनित होना पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व की बात है. उन्होंने कहा कि यह छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यालय में उपलब्ध बेहतर शैक्षणिक वातावरण का परिणाम है. उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यालय के छात्र भविष्य में भी विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, जिले और राज्य का नाम रोशन करेंगे. विद्यालय परिवार ने चयनित छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.

