जामताड़ा/ Yogesh Kumar मंगलवार की रात पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता ने सुरक्षा व्यवस्था की हकीकत जानने के लिए अचानक औचक निरीक्षण किया. रात के सन्नाटे में एसपी खुद सड़कों पर उतरे और सुरक्षा की परतें खंगाल डालीं.

निरीक्षण के दौरान एसपी राजकुमार मेहता ने मंडल कारा जामताड़ा, व्यवहार न्यायालय, रात्रि गश्ती दल, टाइगर मोबाइल, पीसीआर और क्यूआरटी टीमों का जायजा लिया. इसी बीच व्यवहार न्यायालय में ड्यूटी पर तैनात हवलदार सिकंदर रवानी ड्यूटी से गायब मिले. यह सुरक्षा में गंभीर लापरवाही मानी गई. अदालत जैसी संवेदनशील जगह से पुलिसकर्मी का अनुपस्थित रहना एसपी के गले नहीं उतरा.

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी राजकुमार मेहता ने तुरंत सख्त कदम उठाते हुए हवलदार सिकंदर रवानी को निलंबित कर दिया. साथ ही उन्हें पुलिस केंद्र जामताड़ा में तत्काल उपस्थित होने का आदेश दिया गया.
निरीक्षण के दौरान एसपी ने मंडल कारा की सुरक्षा व्यवस्था की भी गहन समीक्षा की. पाई गई खामियों को दूर करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए.
बताया जा रहा है कि एसपी राजकुमार मेहता के पदभार ग्रहण करने के बाद से ही जिले की सुरक्षा व्यवस्था में लगातार सुधार की प्रक्रिया जारी है. आने वाले दिनों में कई और अहम बदलाव देखने को मिल सकते हैं.

