जामताड़ा/ Yogesh Kumar शनिवार को झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने जामताड़ा मुख्यालय स्थित ओवरब्रिज के नीचे प्रस्तावित सर्विस रोड निर्माण कार्य का विधिवत नारियल फोड़कर शिलान्यास किया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समर्थक, स्थानीय जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे.

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह सड़क लंबे समय से जर्जर स्थिति में थी, जिससे बाइपास होकर गुजरने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था. बरसात के मौसम में सड़क पर पानी जमा हो जाने से आवागमन और भी बाधित हो जाता था. आम जनता की समस्या को देखते हुए सर्विस रोड की मरम्मत और नाली निर्माण के निर्देश दिए गए हैं.
शिलान्यास के बाद मीडिया से बातचीत में स्वास्थ्य मंत्री ने बिहार के हिजाब प्रकरण को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर कड़ा हमला बोला. उन्होंने कहा कि डॉक्टर नुसरत प्रवीण मेरिट के आधार पर चयनित हुई थीं और उनके साथ इस तरह का व्यवहार निंदनीय है. डॉ. इरफान अंसारी ने दोहराया कि झारखंड में उन्हें तीन लाख रुपये मासिक वेतन, आवास और मनचाही पोस्टिंग के साथ सम्मान और सुरक्षा दी जाएगी. उन्होंने कहा कि अगर यह घटना जानबूझकर की गई है तो मुख्यमंत्री को देश से माफी मांगनी चाहिए.
वहीं चाईबासा में बच्चे की मौत और एंबुलेंस सुविधा को लेकर उठे सवालों पर मंत्री ने कहा कि मामले को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि सिविल सर्जन के अनुसार बच्चा चार वर्ष नहीं बल्कि चार माह का था और वह जॉन्डिस व बुखार से पीड़ित था. इलाज के दौरान उसकी मौत हुई. मंत्री ने स्पष्ट किया कि अगर किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. साथ ही उन्होंने घोषणा की कि राज्य के सभी जिलों में शव वाहन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि मृतकों को सम्मानपूर्वक घर तक पहुंचाया जा सके.

