जामताड़ा/ Yogesh Kumar जिले में आगामी कर्मदाहा मेला को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार ने दुखिया बाबा मंदिर परिसर में शुक्रवार को मेला कमेटी एवं मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक में मेला की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई और जिन बिंदुओं पर कमियां पाई गईं, उन्हें समय रहते दूर करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए.

एसडीओ अनंत कुमार ने कहा कि कर्मदाहा मेला के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु दुखिया बाबा मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचते हैं, ऐसे में भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए. उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरे मेला क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं. बैरिकेडिंग, पार्किंग की समुचित व्यवस्था, साफ- सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और प्राथमिक उपचार केंद्र को सुदृढ़ रखने पर विशेष जोर दिया गया.
एसडीओ ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और मेला शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके. बैठक में बीडीओ- सह- अंचलाधिकारी देवराज गुप्ता एवं सीआई निरंजन मिश्रा भी उपस्थित रहे.

