जामताड़ा: जिले के नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत कोरीडीह-1 पंचायत में मनरेगा योजना के तहत कथित अनियमितता का मामला सामने आया है. आरोप है कि पंचायत क्षेत्र में मनरेगा कार्यों में बिचौलियों का दबदबा बढ़ गया है और नियमों की अनदेखी की जा रही है.

ताजा मामला बथानबाड़ी स्टेडियम के समीप का बताया जा रहा है, जहां मनरेगा योजना के तहत लगभग आधा दर्जन डोभा का निर्माण कराया गया है. ग्रामीणों का आरोप है कि डोभा की खुदाई जेसीबी मशीन से कराई गई, जबकि मनरेगा नियमों के अनुसार मशीनों के उपयोग पर रोक है. बाद में कुछ मजदूरों को लगाकर कार्य को केवल आकार देने की औपचारिकता पूरी की गई.
ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी डोभा निर्माण में जेसीबी के उपयोग की शिकायत उच्च अधिकारियों से की गई थी. शिकायत के बाद प्रखंड स्तर पर जांच टीम गठित कर स्थल निरीक्षण किया गया, लेकिन अब तक जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई है. संबंधित पदाधिकारी भी मामले में स्पष्ट जानकारी देने से बचते नजर आ रहे हैं.
मामले को लेकर डीडीसी निरंजन कुमार ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है. संबंधित पंचायत की सभी योजनाओं के स्थलों की जांच कराई जाएगी. दोषी पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.

