जामताड़ा: जिले में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जिला परिवहन विभाग की ओर से बुधवार को प्रभात फेरी निकाली गई. प्रभात फेरी का उद्देश्य आम लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना था. प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय लोग शामिल हुए. फेरी के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों का पालन करने, सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया.

कार्यक्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी मुकेश कुमार एवं अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे. प्रभात फेरी शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए गुजरी, जहां अधिकारियों ने नारों और संदेशों के जरिए लोगों को जागरूक किया.
इस दौरान दोपहिया वाहन चालकों से अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का उपयोग करने की अपील की गई. अधिकारियों ने कहा कि छोटी- सी सावधानी से अनमोल जान बचाई जा सकती है और सड़क हादसों को रोका जा सकता है.
जिला परिवहन पदाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि सड़क सुरक्षा माह के तहत यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है, जो 31 दिसंबर तक जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है, ताकि वे स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकें.
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जागरूकता के बावजूद यदि कोई व्यक्ति यातायात नियमों का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ जुर्माना एवं चालान की कार्रवाई की जाएगी. वहीं अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सड़क पर चलते समय जल्दबाजी न करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करें.
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसमें आम नागरिकों की भागीदारी बेहद जरूरी है. प्रभात फेरी के माध्यम से जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया गया.

