जामताड़ा Report By Yogesh Kumar जिले के

मिहिजाम थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. यह हादसा मिहिजाम के रखापाड़ा के पास उस समय हुआ, जब एक टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया. टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के नियामतपुर निवासी 60 वर्षीय कामेश्वर तुरी के रूप में की गई है. दुर्घटना में उनकी पत्नी हेमंती देवी, चंदा कुमारी, फूलकुमारी देवी और जमपति तुरी गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को पहले प्राथमिक उपचार दिया गया, इसके बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, जामताड़ा भेजा गया. घायलों की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है.

घटना की सूचना मिलते ही मिहिजाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की है. वहीं दुर्घटनाग्रस्त टेंपो को भी जब्त कर लिया गया है.
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में टेंपो के अनियंत्रित होकर पलटने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है. तेज रफ्तार और सड़क की स्थिति को लेकर भी जांच की जा रही है. हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है.

