जामताड़ा: जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में भारत प्राचीन आदिवासी कोल जाति कल्याण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष उमा नाथ कोल (करीब 70 वर्ष) का निधन हो गया. उनके निधन की खबर मिलते ही कोल समाज में शोक की लहर फैल गई. उमा नाथ कोल झारखंड आंदोलन के वरिष्ठ नेता शिबू सोरेन के पुराने सहयोगी माने जाते थे और लंबे समय से कोल समाज के सामाजिक उत्थान के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहे थे.


जानकारी के अनुसार, शनिवार को उमा नाथ कोल मोटरसाइकिल से फतेहपुर से जामताड़ा की ओर जा रहे थे. इसी दौरान फतेहपुर डिग्री कॉलेज के समीप विपरीत दिशा से तेज गति में आ रही एक मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जामताड़ा सदर अस्पताल रेफर कर दिया. हालांकि, सदर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही कोल समाज के पदाधिकारी, समर्थक और शुभचिंतक बड़ी संख्या में सदर अस्पताल पहुंचे. सभी ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया.
उधर, हादसे के बाद पुलिस ने टक्कर मारने वाली मोटरसाइकिल और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है. दुर्घटना में चालक भी घायल हुआ है. पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है. साथ ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





