
जामताड़ा: जिले के बिंदापाथर थाना क्षेत्र स्थित धसनिया गांव के समीप बुधवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक 8 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई. तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से मासूम ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है.


जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार दोपहर करीब 1 बजे गोबिंदपुर–साहिबगंज स्टेट हाईवे पर हुई. दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. बच्चे की मौत से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया.
घटना के विरोध में ग्रामीणों ने गोबिंदपुर–साहिबगंज स्टेट हाईवे को जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर स्पीड ब्रेकर निर्माण, तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की. ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज गति से वाहन चलने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है.
सूचना मिलते ही बिंदापाथर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास शुरू किया. समाचार लिखे जाने तक पुलिस और ग्रामीणों के बीच वार्ता जारी थी तथा स्थिति को सामान्य करने की कोशिश की जा रही थी.
इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है. वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सड़क सुरक्षा के आवश्यक उपाय शीघ्र लागू किए जाएं.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





