जामताड़ा/ Maninwash Baral गांधी मैदान में मंगलवार को ग्राम प्रधान संघ की जिला स्तरीय बैठक जिला अध्यक्ष अजीत कुमार दुबे की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक का संचालन जिला महामंत्री शिवलाल मुर्मू ने किया. इसमें जिला कमेटी के साथ विभिन्न प्रखंडों के पदाधिकारी शामिल हुए. बैठक में राजस्व संग्रह से जुड़ी समस्याओं, ग्राम प्रधान एवं सहयोगियों की 12 माह से लंबित मासिक सम्मान राशि, तथा संगठन को सशक्त बनाने के विषय पर विस्तृत चर्चा की गई.

प्रखंड कमेटी के पदाधिकारियों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि न्यायालय के निर्देश के बावजूद अनुसूचित क्षेत्र के प्रधानी मौजा में रैयतों से ऑनलाइन वार्षिक मालगुजारी वसूली की जा रही है, जबकि दूसरे तरफ ग्राम प्रधान के माध्यम से ऑफलाइन वसूली भी की जा रही है. एक ही रैयत से दो-दो बार मालगुजारी वसूली सरकारी प्रावधान के पूरी तरह विपरीत बताया गया. पदाधिकारियों ने कहा कि जब प्रधानी मौजा में ऑफलाइन वसूली की व्यवस्था लागू है, तो ऑनलाइन वसूली किस परिस्थिति में की जा रही है, यह उच्च स्तरीय जांच का विषय है. जिला कमेटी ने जिला प्रशासन से मांग की कि ऑनलाइन वसूली को तत्काल बंद किया जाए.
बैठक में कई प्रधानों ने कहा कि राज्य सरकार की घोषणा के बावजूद पिछले 12 महीनों से ग्राम प्रधान और सहयोगी परंपरागत प्रतिनिधियों को सम्मान राशि का भुगतान नहीं हुआ है, जिससे वे आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं. अधिकांश प्रधान बुजुर्ग और आदिवासी समुदाय से हैं, जिन्हें नियमित उपचार की आवश्यकता है, लेकिन सम्मान राशि न मिलने से वे आवश्यक दवाइयां तक नहीं ले पा रहे हैं. जिला प्रशासन से जल्द भुगतान करने की मांग की गई.
सभा में तय किया गया कि यदि इन दो प्रमुख समस्याओं—ऑनलाइन वसूली और सम्मान राशि भुगतान—का समाधान जल्द नहीं हुआ, तो ग्राम प्रधान एवं सहयोगी प्रतिनिधि हजारों की संख्या में समाहरणालय मैदान में उग्र प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे. बैठक में किसानों की धान फसल में कीट प्रकोप से हुए भारी नुकसान और उसकी क्षतिपूर्ति को लेकर भी शासन-प्रशासन से पहल की मांग की गई.
बैठक में संगठन को मजबूत बनाने का निर्णय लेते हुए जामताड़ा प्रखंड कमेटी का पुनर्गठन किया गया. सर्वसम्मति से अब्दुल रज्जाक को अध्यक्ष, अशोक सिंह कोषाध्यक्ष, साधन मांझी सचिव, नेमुल हक और बालेश्वर हेंब्रम महासचिव, सुनीति बास्की और मनोजित सर्खेल उपाध्यक्ष, दुबराज भंडारी, समीम खान और भुवनेश्वर हंसदा संगठन मंत्री बनाए गए. इसके अलावा कई कार्यकारिणी सदस्यों का चयन भी किया गया. कार्यक्रम में नाला, नारायणपुर, कर्माटांड़ और जामताड़ा के ग्राम प्रधान उपस्थित रहे.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
