जामताड़ा: त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली यात्री भीड़ को देखते हुए रेलवे ने भुवनेश्वर से जयनगर के बीच एकतरफा विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है. 08421 भुवनेश्वर- जयनगर TOD स्पेशल ट्रेन का परिचालन 8 अक्टूबर को होगा. ट्रेन का चित्तरंजन स्टेशन पर ठहराव होने से जामताड़ा जिले के यात्रियों को भी इस विशेष सेवा का लाभ मिल सकेगा.


रेलवे के अनुसार, ट्रेन भुवनेश्वर से रात 12:15 बजे रवाना होकर उसी दिन रात 11:45 बजे जयनगर पहुंचेगी. आसनसोल मंडल के अंतर्गत ट्रेन का ठहराव दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है. जामताड़ा जिले के यात्रियों के लिए चित्तरंजन निकटवर्ती प्रमुख रेलवे स्टेशन होने के कारण इस स्पेशल ट्रेन का ठहराव महत्वपूर्ण माना जा रहा है. खासकर त्योहार के दौरान नियमित ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ के बीच यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिल सकेगा.
विशेष ट्रेन में शयनयान और सामान्य द्वितीय श्रेणी की व्यवस्था रहेगी. रेलवे ने अतिरिक्त यात्री क्षमता उपलब्ध कराने और अपेक्षित भीड़ के दौरान यात्रियों के आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से इस ट्रेन का परिचालन किया है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

