जामताड़ा: रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में मधुपुर स्टेशन में कार्यरत पॉइंट्समैन तुलसी रजवार की मौत हो गई. वह रात्रि ड्यूटी करने के बाद लोकल ट्रेन से जामताड़ा पहुंचे थे. अपने घर बेना जाने के लिए प्लेटफॉर्म संख्या दो से प्लेटफॉर्म संख्या एक पर जाने के दौरान रेलवे फुट ओवरब्रिज की सीढ़ियों पर उनका संतुलन बिगड़ गया और वह गिर पड़े. हादसे में गंभीर रूप से घायल रेलकर्मी को आरपीएफ कर्मियों के सहयोग से सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.


जानकारी के अनुसार, तुलसी रजवार शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे लोकल ट्रेन से जामताड़ा स्टेशन पहुंचे थे. रात्रि ड्यूटी पूरी करने के बाद वह अपने घर बेना लौट रहे थे. इसी क्रम में प्लेटफॉर्म संख्या दो से प्लेटफॉर्म संख्या एक पर जाने के लिए रेलवे के पैदल ऊपरी पुल का इस्तेमाल कर रहे थे. पुल की सीढ़ियों पर अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर पड़े. घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई.
हादसे की सूचना मिलने पर आरपीएफ कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घायल रेलकर्मी को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सक उन्हें बचा नहीं सके.तुलसी रजवार कुछ वर्षों में सेवानिवृत्त होने वाले थे। उनकी मौत की खबर से परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई. मृतक के पुत्र लक्ष्मण रजवार ने जामताड़ा थाना में फर्द बयान दर्ज कराया है. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. मृतक के परिवार में दो भाई और पांच बहन हैं. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

