जामताड़ा/ Manish Barranwal कैशबैक का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले साइबर अपराधियों के खिलाफ जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस अधीक्षक जामताड़ा को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना की टीम ने छापेमारी कर तीन साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है.

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर अपराध थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में पु०नि० मनीष कुमार गुप्ता, स०अ०नि० ईश्वर मरांडी एवं अन्य पुलिसकर्मियों की टीम ने नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नारायणपुर से जामताड़ा जाने वाली मुख्य पक्की सड़क से करीब 500 मीटर अंदर बॉसपहाड़ी जंगल में पत्थर खदान के पास छापेमारी की.
इस कार्रवाई में रजाउल अंसारी (42 वर्ष) ग्राम बिराजपुर थाना करमाटांड़, मनीरुद्दीन अंसारी (30 वर्ष) ग्राम मुचियाडीह थाना नारायणपुर तथा सरताज अंसारी (26 वर्ष) ग्राम बिराजपुर टोला हेरनाटांड़ थाना करमाटांड़ को गिरफ्तार किया गया. आरोपियों के पास से तीन फर्जी मोबाइल फोन और चार सिम कार्ड बरामद किए गए हैं.
पुलिस के अनुसार आरोपी कैशबैक का मैसेज भेजकर झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे. ठगी की रकम से गिफ्ट कार्ड खरीदकर उसे कमीशन पर बेच दिया जाता था.
इस मामले में जामताड़ा साइबर अपराध थाना कांड संख्या 75/25 दिनांक 21.12.2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता 2023 एवं आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. गिरफ्तार सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

