जामताड़ा: जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र में हुए सीएसपी लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. 28 जुलाई 2025 की सुबह रतनोडीह स्थित सीएसपी सेंटर में अज्ञात अपराधियों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था. पीड़ित बिनोद यादव के आवेदन पर करमाटांड़ थाना कांड संख्या 71/25, दिनांक 28.07.2025 को भारतीय दंड संहिता की धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था.

पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि इस घटना में शामिल दो आरोपी कठबरारी गांव के पास मैदान में छुपे हुए हैं. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अभय कुमार के नेतृत्व में एक छापामारी दल गठित किया गया. पुलिस को देख दोनों आरोपी भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया. गिरफ्तार अपराधियों की पहचान अजमुल अंसारी (निवासी सुब्दीडीह) और बिनोद रवानी (निवासी मानपुर) के रूप में हुई है. पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक अपाचे बाइक और ₹7,000 नकद बरामद किए गए.
पूछताछ में दोनों ने अन्य साथियों के नामों का भी खुलासा किया है. पुलिस अब फरार अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. थाना प्रभारी अभय कुमार ने इसे पुलिस की बड़ी सफलता बताया है. इस कार्रवाई में कुल 9 सदस्यीय पुलिस टीम शामिल थी. पुलिस का कहना है कि जल्द ही बाकी अपराधी भी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे.

