जामताड़ा: पुलिस अधीक्षक कार्यालय में गुरुवार को पीपिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया. समारोह में पुलिस मुख्यालय द्वारा पारी से बाहर अगली पंक्ति में प्रोन्नत जामताड़ा जिलाबल के पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मी को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी गईं.


समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक शम्भु कुमार सिंह ने पुलिस अवर निरीक्षक सुशील टूडू को पुलिस निरीक्षक की कोटि में तथा आरक्षी संख्या 1337 छोटेलाल कुमार को सहायक अवर निरीक्षक की कोटि में प्रोन्नति मिलने पर उनके कंधों पर नये पद का बैच एवं स्टार लगाकर पीपिंग की. इसके बाद दोनों नव प्रोन्नत पदाधिकारियों को बुके देकर सम्मानित किया गया और उनकी सफलता पर बधाई दी गई. सुशील टूडू को वीरता के लिए राष्ट्रपति पदक एवं पुलिस पदक से भी अलंकृत किया जा चुका है.
इस अवसर पर एसपी शम्भु कुमार सिंह ने कहा कि पदोन्नति के साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ती हैं. उन्होंने नव प्रोन्नत पदाधिकारियों को निष्पक्षता के साथ न्याय की रक्षा करने, आम जनता में सुरक्षा का भाव कायम रखने तथा नागरिकों के प्रति संवेदनशील रहने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पुलिस पदाधिकारी किसी भी दबाव या प्रलोभन के सामने झुके बिना कानून के दायरे में रहकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें.
एसपी ने दोनों नव प्रोन्नत पदाधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे अपने अनुभव और नई जिम्मेदारियों का बेहतर इस्तेमाल करते हुए पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को और मजबूत करेंगे तथा जनता के बीच पुलिस की विश्वसनीयता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.
कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय नीलम कुजूर, परिचारी प्रवर पुलिस केंद्र जामताड़ा अजीत कुमार चौबे समेत पुलिस कार्यालय के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

