जामताड़ा: सरस्वती पूजा के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर नारायणपुर थाना क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया. इसी क्रम में बुधवार को डोकीडीह, मुरली पहाड़ी, लटैया मोड़, लखनूडीह मोड़, आमजोरा, बिहाजोड़ी, शहरपुर एवं सबनपुर में ग्रामीणों और पूजा समिति के सदस्यों के साथ जनसंवाद बैठक आयोजित की गई.

बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकास आनंद लागुरी ने की. इस दौरान पुलिस निरीक्षक रबिंद्रनाथ यादव एवं नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन भी मौजूद रहे. बैठक में पूजा समिति के सदस्यों और ग्रामीणों को सरस्वती पूजा के दौरान पालन किए जाने वाले नियमों की जानकारी दी गई.
प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि पूजा के दौरान डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और निर्धारित समय सीमा का सख्ती से पालन करना अनिवार्य होगा. किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने, नशाखोरी करने या हुड़दंग मचाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
अधिकारियों ने लोगों से आपसी भाईचारा, शांति और सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की. साथ ही कहा गया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.

