जामताड़ा/ Manish Baranwal राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की स्पेशल मॉनिटर डॉ. पूनम मालाकुण्डई ने जामताड़ा स्थित कस्तूरबा गांधी सीएमएसओई बालिका विद्यालय, सीएमएसओई बालिका उच्च विद्यालय तथा नारायणपुर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, लोहारंगी का विस्तृत निरीक्षण किया.

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं से गणित, विज्ञान, पर्यावरण और सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछकर उनकी शैक्षणिक प्रगति का आकलन किया. छात्राओं के आत्मविश्वास और अनुशासन पर उन्होंने संतोष जताया. उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सशक्त और जागरूक समाज की आधारशिला है.

विद्यालय परिसर की स्वच्छता, हरियाली और पोषण वाटिका की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि सुरक्षित एवं प्रेरणादायक वातावरण बच्चों के समग्र विकास के लिए आवश्यक है. साथ ही छात्राओं को बड़े सपने देखने और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी.
नारायणपुर प्रखंड के लोहारंगी विद्यालय में एफएलएन कार्यक्रम के प्रभावी संचालन और प्रबंधन व्यवस्था की भी प्रशंसा की गई. मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेम्ब्रम, जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति सहित शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारी और शिक्षक उपस्थित रहे.

