जामताड़ा/ Yogesh Kumar विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर प्रखंड सभागार जामताड़ा में बुधवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी- सह- अंचल अधिकारी अविश्वर मुर्मू की अध्यक्षता में हमारा शौचालय हमारा सम्मान थीम पर कार्यशाला आयोजित की गई. कार्यक्रम की शुरुआत में प्रखंड विकास पदाधिकारी ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता और शौचालय उपयोग के प्रति शपथ दिलाई. उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल आदत नहीं, बल्कि सम्मान और स्वस्थ जीवन का आधार है.

कार्यशाला में सभी पंचायतों के मुखिया, जल सहिया और स्वच्छता से जुड़े कर्मियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में शौचालय उपयोग को बढ़ावा देने की रणनीति पर चर्चा की. अधिकारियों ने बताया कि वे लाभुकों के घर जाकर उन्हें शौचालय उपयोग के लिए प्रेरित करेंगे. जिला समन्वयक अनुज कुमार मंडल और प्रखंड समन्वयक सद्दाम अंसारी ने सभी जल सहिया को निर्देश दिया कि जिन लाभुकों का व्यक्तिगत शौचालय अब तक निर्मित नहीं हुआ है, वे एक सप्ताह के भीतर आधार कार्ड और बैंक पासबुक की छायाप्रति SBM-G प्रकोष्ठ में जमा कराएं, ताकि उन्हें योजना का समय पर लाभ दिया जा सके.
अधिकारियों ने कहा कि कोई भी ग्रामीण परिवार स्वच्छ भारत मिशन के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए. इसी क्रम में 19 नवंबर से 10 दिसंबर 2025 तक हमारा शौचालय–हमारा भविष्य थीम पर स्वच्छता अभियान चलाने की घोषणा की गई. इस दौरान जल सहिया अपने-अपने गांवों में निर्मित शौचालयों के लाभुकों के साथ शौचालय उपयोग को बढ़ावा देंगी, साथ ही शौचालय के साथ सेल्फी, स्वच्छता गतिविधियों की तस्वीरें और छोटे वीडियो साझा करेंगी. इसका उद्देश्य स्वच्छता को जनभागीदारी और उत्सव का रूप देना है. मौके पर मुखिया सहित जल सहिया शहनाज ख़तून, आशा मंडल, मोनिका मंडल, तेमून ख़तून सहित बड़ी संख्या में जल सहिया मौजूद रहीं.

