जामताड़ा/ Manish Baranwal नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के तहत मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रवि आनंद ने न्यू पॉलीटेक्निक कॉलेज पाथरचपड़ा स्थित मतगणना सह वज्रगृह स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया.

निरीक्षण के दौरान मतगणना कक्ष में लगाए गए टेबल, कुर्सी, पंखा, प्रकाश, कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट, सीसीटीवी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी कंप्यूटर एवं प्रिंटर निर्बाध रूप से कार्य करें, ताकि मतगणना में किसी प्रकार की बाधा न हो.
मिहिजाम नगर परिषद (39 मतदान केंद्र) के लिए 20 टेबल तथा जामताड़ा नगर पंचायत (28 मतदान केंद्र) के लिए 14 टेबल की व्यवस्था की गई है. दोनों निकायों की मतगणना 27 फरवरी 2026 को सुबह 8:00 बजे से शुरू होगी. मतगणना पर्यवेक्षकों और सहायकों की ब्रीफिंग सुबह 5:00 बजे एनआईसी जामताड़ा में होगी.
परिसर में मीडिया सेंटर, मेडिकल टीम, पार्किंग और अभ्यर्थियों/अभिकर्ताओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं.

