जामताड़ा: भाजपा के ‘VB G Ram Ji’ कार्यक्रम को लेकर झारखंड की राजनीति में घमासान तेज हो गया है. नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के बयान पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कड़ा पलटवार किया है.

मीडिया से बातचीत में डॉ. इरफान अंसारी ने मरांडी के बयान को ‘देश तोड़ने वाला’ करार दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा भगवान राम के नाम का इस्तेमाल कर ‘रावण राज’ स्थापित करना चाहती है. मंत्री ने कहा कि वे इस कथित साजिश का विरोध करते हैं और किसी भी कीमत पर योजना का नाम बदलने नहीं देंगे.
अंसारी ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर लगातार आंदोलन कर रही है और संघर्ष जारी रहेगा. उन्होंने केंद्र सरकार और भाजपा पर 60/40 मॉडल थोपने का भी आरोप लगाया. उनका कहना था कि झारखंड एक गरीब राज्य है और 40 प्रतिशत अंशदान देना संभव नहीं है. उन्होंने सवाल उठाया कि जब 5 प्रतिशत देना भी कठिन है तो 40 प्रतिशत कहां से आएगा.
स्वास्थ्य मंत्री ने इसे एक बड़ी साजिश बताते हुए कहा कि इसका सीधा असर गरीबों, मजदूरों और आम जनता पर पड़ेगा. उन्होंने बाबूलाल मरांडी और भाजपा से अपील की कि यदि उन्हें राज्य और यहां के लोगों से वास्तव में लगाव है तो इस मुद्दे पर सरकार और जनता के साथ खड़े हों.
डॉ. इरफान अंसारी धरमपुर में आयोजित एक क्रिकेट टूर्नामेंट में शामिल होने पहुंचे थे. इसी दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने यह बयान दिया, जिसके बाद राज्य की सियासत में हलचल और तेज हो गई है.

