जामताड़ा: शनिवार को मूसलाधार बारिश के बीच तेज गर्जना और वज्रपात से जियाजोरी पंचायत भवन और समीप स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में अफरा- तफरी मच गई. पंचायत भवन के समीप से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के खंभे पर वज्रपात होने के बाद तेज विद्युत झटका लगा. इससे पंचायत भवन की विद्युत व्यवस्था में शॉर्ट सर्किट हो गया और कई उपकरण जल गए. बिजली का मीटर भी दीवार से उखड़कर जमीन पर जा गिरा.


घटना के समय पंचायत भवन में विशेष ग्रामसभा चल रही थी, जिसमें 50 से अधिक लोग मौजूद थे. इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ और भवन के विद्युत उपकरणों में शॉर्ट सर्किट हो गया. अचानक हुई इस घटना से ग्रामसभा में मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया. गनीमत रही कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है.
वज्रपात का झटका इतना तेज, उखड़कर गिर गया बिजली मीटर
स्थानीय लोगों के अनुसार पंचायत भवन के बेहद करीब से 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन गुजरती है. वज्रपात का झटका इतना तेज था कि पंचायत भवन में लगा बिजली का मीटर अपने स्थान से उखड़कर नीचे गिर गया. भवन के अंदर लगे कई विद्युत उपकरण भी क्षतिग्रस्त हो गए. घटना के बाद ग्रामीणों ने विद्युत आपूर्ति को लेकर विशेष सावधानी बरती.
स्कूल के विद्युत उपकरण भी हुए क्षतिग्रस्त
पंचायत भवन के समीप स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय जियाजोरी भी वज्रपात के प्रभाव से अछूता नहीं रहा. यहां भी आसमानी बिजली के झटके से विद्युत उपकरणों के क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई है. एक ही क्षेत्र में पंचायत भवन और विद्यालय की विद्युत व्यवस्था प्रभावित होने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है.
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से पंचायत भवन और विद्यालय की विद्युत व्यवस्था की जांच कराने, क्षतिग्रस्त उपकरणों को दुरुस्त करने और 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के आसपास सुरक्षा के जरूरी उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है.
घटना के समय पंचायत भवन में 50 से अधिक लोगों की मौजूदगी के बावजूद किसी को नुकसान नहीं पहुंचने से लोगों ने राहत की सांस ली. वज्रपात के बाद कुछ देर तक पंचायत भवन और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

