जामताड़ा/ Manish Baranwal मिहिजाम के कुर्मीपड़ा निवासी रोशनी कुमारी का 51वीं जूनियर राष्ट्रीय कबड्डी चैंपियनशिप में चयन होने पर पूरे जामताड़ा जिले में खुशी का माहौल है. मंगलवार को करीब 3:00 बजे रोशनी कुमारी चल्लापल्ली एक्सप्रेस से बोकारो के लिए रवाना हुई. बोकारो पहुंचने के बाद वह देर रात पूरी टीम के साथ कोलकाता के लिए प्रस्थान करेगी.

इस उपलब्धि पर रोशनी कुमारी बेहद खुश नजर आई. उन्होंने बताया कि वह पिछले तीन वर्षों से ओम प्रकाश कबड्डी एकेडमी, भारत में नियमित रूप से कबड्डी का प्रशिक्षण ले रही हैं. उनके अनुसार कोच राज कमल सिंह द्वारा हर जरूरी सुविधा और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है, जिससे उनके खेल में लगातार निखार आया है.
मौके पर जामताड़ा जिला कबड्डी संघ की अध्यक्ष मीरा मिश्रा, संरक्षक अरविंद कुमार ओझा, सचिव रोहित कुमार, कोषाध्यक्ष मनीष बरणवाल, ओम प्रकाश कबड्डी एकेडमी भारत के अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह एवं सचिव सह हेड कोच राज कमल सिंह उपस्थित रहे. सभी पदाधिकारियों ने रोशनी कुमारी को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं.
जामताड़ा जिला कबड्डी संघ के कोषाध्यक्ष एवं ओलंपिक संघ के मीडिया प्रभारी मनीष बरणवाल ने जानकारी दी कि 51वीं जूनियर राष्ट्रीय कबड्डी चैंपियनशिप (लड़कियों की प्रतियोगिता) का आयोजन दमदम जेल ग्राउंड, कोलकाता में किया जाएगा. यह प्रतियोगिता 25 दिसंबर 2025 से 28 दिसंबर 2025 तक आयोजित होगी.

