जामताड़ा/ Yogesh Kumar जिले में अवैध बालू कारोबार लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे एक ओर सरकारी योजनाएं प्रभावित हो रही हैं, वहीं दूसरी ओर ओवरलोडेड ट्रैक्टर, हाईवा और डंपर के कारण सड़क दुर्घटनाओं की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है. झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के जिला अध्यक्ष मंतोष कुमार महतो ने सोमवार को उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर अवैध बालू परिवहन पर रोक लगाने की मांग की और इस संबंध में एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा.

महतो ने बताया कि जिले के लगभग सभी थाना क्षेत्रों में प्रतिदिन सैकड़ों ट्रैक्टर, हाईवा और ट्रक बिना वैध कागजात के बालू ढो रहे हैं. यह बालू बड़ी मात्रा में बिहार और पश्चिम बंगाल भेजा जा रहा है, जिससे स्थानीय निर्माण कार्य और सरकारी परियोजनाओं पर गंभीर असर पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि अबुआ आवास, प्रधानमंत्री आवास और अन्य जनकल्याणकारी परियोजनाओं का काम बालू के अभाव में बाधित है. स्थानीय ग्रामीणों को भी घर निर्माण और दैनिक जरूरतों के लिए बालू उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि अधिकांश बालू वाहनों के पास फिटनेस, परमिट और अन्य आवश्यक दस्तावेज नहीं होते. ओवरलोडेड वाहनों के कारण जिले में लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं और कई मामलों में लोगों की जान भी जा चुकी है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं.
महतो ने कहा कि बालू माफियाओं का एक सक्रिय गिरोह लंबे समय से जिले में काम कर रहा है, लेकिन उन पर कभी कड़ी कार्रवाई नहीं होती. इससे अवैध कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं और स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है.
उन्होंने मांग की कि प्रशासन तुरंत अभियान चलाकर अवैध रूप से संचालित वाहनों की जांच करे, दोषियों पर कार्रवाई करे और अधिकृत घाटों से बालू की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करे, ताकि विकास कार्य बाधित न हों. जिला अध्यक्ष मंतोष कुमार महतो ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने पर मजबूर होंगे.

