जामताड़ा/ Manish Baranwal शहर में आगामी 14 फरवरी को ‘जश्ने मलूदे काबा’ और ‘जियारते हरमेन शरीफेन कॉन्फ्रेंस’ का भव्य आयोजन किया जाएगा. यह रूहानी महफिल पाकडीह सर्खेलडीह स्थित मदरसा निज़ामिया ग़रीब नवाज़ में नमाज़-ए-इशा के बाद सजेगी. कार्यक्रम में देशभर से उलेमा-ए-किराम, सूफी संत, नातख्वां और इस्लामी विद्वान शिरकत करेंगे.

मेहमान-ए-खुसूसी के तौर पर खानकाह-ए-आलिया शाहबाजिया, भागलपुर से पीरे तरीकत सैय्यद शाह मुहम्मद मसरूर राज़ी शहबाजी और सैय्यद शाह अलहाज मुहम्मद मख्मूर जामी शहबाजी मौजूद रहेंगे. कॉन्फ्रेंस में ईमान, अमन और भाईचारे का पैगाम दिया जाएगा तथा हरमेन शरीफेन की जियारत की फजीलत पर रोशनी डाली जाएगी. नातिया कलाम और तकरीरों से महफिल को रूहानी रंग दिया जाएगा. जिया इंटरनेशनल हज उमरा ट्रैवल्स की ओर से दो फ्री उमराह टिकटों की कुरआंदाजी भी की जाएगी. आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है.

