जामताड़ा/ Manish Baranwal खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मिहिजाम रोड एवं मिहिजाम क्षेत्र में विभिन्न मिठाई दुकानों और मीट/ मुर्गा प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया. इस दौरान मंडल स्वीट्स, वर्द्धमान स्वीट्स, अमित स्वीट्स और आमंत्रण रेस्टोरेंट सहित कुल 8 मीट प्रतिष्ठानों की जांच की गई.

निरीक्षण में केवल वर्द्धमान स्वीट्स की साफ- सफाई संतोषजनक पाई गई, जबकि अन्य प्रतिष्ठानों में मानकों के अनुरूप स्वच्छता नहीं मिली.
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने सभी संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के प्रावधानों से अवगत कराया और नगर परिषद मिहिजाम से अनापत्ति प्रमाण पत्र लेकर शीघ्र निबंधन कराने का निर्देश दिया.
मंडल स्वीट्स और वर्द्धमान स्वीट्स से छेना और पनीर के नमूने लेकर जांच हेतु राज्य खाद्य प्रयोगशाला नामकुम भेजे गए हैं. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इसके अलावा सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 के उल्लंघन पर 6 दुकानों से कुल 2000 रुपये का जुर्माना वसूला गया. निरीक्षण टीम में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी के साथ अरविंद प्रसाद, निकिता मोदी, सर्विना सिन्हा, एनटीसीपी कंसल्टेंट एवं अमित कुमार शामिल थे.

