जामताड़ा/ Manish Baranwal निकाय चुनाव में जीत के जश्न के बीच मिहिजाम में उस समय अफरातफरी मच गई, जब अचानक यज्ञशाला से आग की लपटें उठने लगीं. घटना वार्ड संख्या 19 स्थित कानगोई रेलवे फाटक के समीप शिव मंदिर के बगल में बने यज्ञशाला में शुक्रवार रात घटी.
स्थानीय लोगों के अनुसार कानगोई रेलवे फाटक के पास स्थित शिव मंदिर परिसर में बने यज्ञशाला के ऊपरी हिस्से में आग लग गई. देखते ही देखते आग ने यज्ञशाला के ऊपरी गुंबदनुमा हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया.

बताया जाता है कि एक वर्ष पूर्व ही मंदिर में भव्य तरीके से प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई थी. यज्ञ-पूजा के उद्देश्य से बांस और बिचाली से यज्ञशाला का निर्माण किया गया था. इन्हीं ज्वलनशील सामग्रियों के कारण आग तेजी से फैल गई.
आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने प्रयास कर किसी तरह आग पर काबू पाया. हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है. स्थानीय लोगों का अनुमान है कि निकाय चुनाव में जीत के बाद निकाले गए विजय जुलूस के दौरान हुई आतिशबाजी की चिंगारी से यह घटना हुई हो सकती है. फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले की जांच की बात कही जा रही है.

